लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटर गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दोनों को लगी गोली
SHO की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, मुठभेड़ में 2 गिरफ्तार
पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह और जुगराज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मुठभेड़ पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पास हुई। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच-2 और पंचकूला पुलिस की संयुक्त टीम को दोनों संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने देवी लाल स्टेडियम से सेक्टर-21 की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग शुरू की थी।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
एफआईआर के अनुसार, जब दोनों संदिग्ध चेकपॉइंट के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और अवैध हथियारों से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस के सरकारी वाहन में लगी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी।
SHO की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की ओर से की गई गोलीबारी में एक गोली थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। वहीं, दूसरी गोली असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार के कान के पास से गुजर गई। एफआईआर में बताया गया है कि पुलिस ने आरोपियों को रोकने के लिए सरकारी वाहन का सायरन बजाया और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी भी दी। इसके अलावा हवा में चेतावनी के तौर पर गोली चलाई गई। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर तीन और राउंड फायरिंग की।
जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, लगातार हो रही गोलीबारी के बीच टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों संदिग्धों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह और जुगराज सिंह के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, दोनों लॉरेंस बिश्नोई और अर्जू बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। पूरी घटना को लेकर पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है। मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी और आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।