कूकर से हमला, टब में डुबोकर हत्या...पति ने रचा हादसे का नाटक, रोया भी
जानें पूरा मामला.
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी, फिर इसे हादसे का रूप देने के लिए शव को अस्पताल लेकर गया. वहां रोने का नाटक भी किया लेकिन उसकी ड्रामेबाजी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. दरअसल, पति अपनी पत्नी पर शक करता था. उसका मानना था कि पत्नी का किसी से लव अफेयर चल रहा है. हालांकि, मृतका के पिता इस दावे को सिरे से ख़ारिज किया है.
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ला का है, जहां किराए के मकान में 8 अगस्त को सहायक टीचर पति दिलीप कुमार यादव ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर अपनी पत्नी शालिनी की हत्या कर दी. आरोपी ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए सिर पर कूकर के ढक्कन व हैंडल से वार करके और गर्दन पकड़कर इन्फ्लेटेबल टब के पानी में डुबोकर इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया था.
मृतका शालिनी एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी. फिलहाल, पुलिस ने वैज्ञानिक तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मुख्य अभियुक्त दिलीप यादव को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. 12 अगस्त को उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, चक अल्लीपुर में सहायक टीचर पद पर तैनात आरोपी दिलीप यादव ने 8 अगस्त की सुबह इस वारदात को अंजाम दिया. कूकर से हमला करने और टब के पानी में डुबोने के बाद आरोपी 20 मिनट तक बाहर घूमता रहा. वापस आकर उसने अपने भाइयों को फोन कर पत्नी के हादसे में बेहोश होने का नाटक रचा और उसे अस्पताल भिजवाया. 9 अगस्त को परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
मृतका शालिनी शहर के एक स्कूल में प्राइवेट टीचर थी. दिलीप और शालिनी ने 3 दिसंबर 2017 को लव मैरिज की थी. शादीपुर और नासिरपीर इलाके में किराए पर रहते हुए दोनों के बीच विवाद गहराने लगा. पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगाया, जिसके गुस्से में आकर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की.
मामले में मृतका के पिता धर्मराज यादव ने पुलिस के खुलासे का तो समर्थन किया, लेकिन बेटी पर लगाए गए अफेयर के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 से दोनों के बीच विवाद चल रहा था क्योंकि दिलीप का अपने ही स्कूल की एक महिला टीचर से अफेयर चल रहा था. बेटी ने यह बात घर में बताई थी और समझाने के बावजूद आरोपी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा था और उल्टा बेटी पर ही गलत आरोप लगाता था.