मंडी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े द्वारा पटना में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला मंडी ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए इस प्रकार की बयानबाजी की कड़ी निंदा की। भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा जिला मंडी प्रभारी सुरेश भारद्वाज भी भाजपा की विरोध रैली में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि स्वयं को देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का उत्तराधिकारी बताने वाली कांग्रेस आज राजनीतिक एवं वैचारिक रूप से इतनी कमजोर हो चुकी है कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास प्रधानमंत्री का विरोध करने के लिए भी मर्यादित शब्द नहीं बचे हैं।
उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खडग़े जैसे वरिष्ठ राजनेता द्वारा प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को राजनीतिक बयानबाजी में घसीटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यह कांग्रेस की गिरती राजनीतिक मर्यादा और उसके शीर्ष नेतृत्व की मानसिकता को उजागर करता है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक लगभग 25 वर्षों का लंबा प्रशासनिक सफर तय किया है। जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें मौत का सौदागर कहा था और आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उनके दिवंगत पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, महापौर सुमन ठाकुर , मांचली ठाकुर, करण, मीडिया प्रभारी राकेश वालिया सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।