2.55 करोड़ रुपए का लालच देकर 7.79 लाख की साइबर ठगी

Update: 2026-07-26 11:12 GMT
Sundarnagar. सुंदरनगर। पुराने सिक्कों को करोड़ों रुपए में खरीदने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सुंदरनगर के एक व्यक्ति से करीब 7.79 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने पहले सिक्कों की कीमत 2.55 करोड़ रुपए बताई और फिर फाइल चार्ज, टैक्स, ईमेल वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग फीस और डिलीवरी चार्ज जैसे बहाने बनाकर लगातार पैसे ऐंठते रहे। जब आरोपियों ने 17 लाख रुपए और जमा करने का दबाव बनाया, तब पीडि़त को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पुलिस थाना सुंदरनगर में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी की जीरो एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार प्रकाश चंद निवासी बारल, तलेली, सुंदरनगर ने शिकायत में बताया कि 14 जुलाई, 2026 को उन्होंने इंटरनेट पर पुराने सिक्कों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा एक
वीडियो देखा।


वीडियो में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद कथित खरीदार ने व्हाट्सऐप पर सिक्कों के फोटो और आधार कार्ड मंगवाए। इसके बाद बताया गया कि उनके पास मौजूद सिक्कों की कीमत 2 करोड़ 55 लाख 80 हजार 900 रुपए है और जल्द ही यह राशि उनके खाते में भेज दी जाएगी। इसके बाद ठगों ने एक के बाद एक बहाने बनाकर भुगतान करवाना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता ने रिश्तेदारों और हैदराबाद में रहने वाले मित्र के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में करीब 7.79 लाख रुपए जमा कर दिए। बाद में एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी के एमडी का बेटा बताते हुए फोन किया और 17 लाख रुपए और जमा करने की मांग की। इसी दौरान शिकायतकर्ता को संदेह हुआ और उसने पुलिस से संपर्क किया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि की है।
Tags:    

Similar News