पटना: बिहार में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडोत्तोलन किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद गांधी मैदान में यह उनका पहला स्वतंत्रता दिवस समारोह था। झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली।
समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। इसके अलावा राज्य सरकार के 13 विभागों की ओर से अलग-अलग विषयों और विकास योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली जाएंगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इससे पहले स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन किया था। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रभक्तों के साहस, त्याग और बलिदान के फलस्वरूप ही 15 अगस्त 1947 को हमारा देश आजाद हुआ।
मुख्यमंत्री ने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके उच्च आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य और देशवासियों से आपसी भाईचारा, मेल-जोल, सद्भाव और सहिष्णुता का वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए सभी को अपनी एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही देश को प्रगति, समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने तथा दुनिया में भारत का नाम रोशन करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
गांधी मैदान के मुख्य समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास पर भी तिरंगा फहराया। मुख्य समारोह के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान से बिहार की जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और बिहार के भविष्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा।
Tags: