Kangra. कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को नगर परिषद के पुराने परिसर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। एसडीएम कांगड़ा अंजलि गर्ग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमन वर्मा को चौथी बार नगर परिषद अध्यक्ष तथा राज कुमारी को दूसरी बार उपाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नगर परिषद के नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हो गई। बारिश के बावजूद समारोह को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह हुई बारिश के बाद भी बड़ी संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और समर्थक नगर परिषद के पुराने परिसर में पहुंचे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का फूलमालाओं तथा तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच भव्य स्वागत किया गया। समारोह में परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यातिथि अजय वर्मा ने कांगड़ा शहर के विकास के लिए कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय के मुख्य प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। डूंगा बाजार स्थित ब्लॉक भूमि का विकास किया जाएगा तथा पुराना कांगड़ा को जाने वाले दोनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 50 आधुनिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
अजय वर्मा ने कहा कि आज कांगड़ा के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि नगर परिषद की अध्यक्ष महिला हैं, उपाध्यक्ष महिला हैं और एसडीएम भी महिला हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला नेतृत्व कांगड़ा को विकास के नए आयाम देगा और शहर विकास का नया इतिहास लिखेगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें चौथी बार नगर परिषद अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है, जिसके लिए वह सभी नागरिकों की आभारी हैं। उपाध्यक्ष राज कुमारी ने कहा कि वह राजनीति से अधिक काम में विश्वास रखती हैं। अपने वार्ड के विकास के साथ-साथ नगर परिषद के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे समारोह में नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारी आरएस वर्मा, पार्षद भावना वर्मा, अनिल कुमार, सुनील मोना, कोमल शर्मा, शुभम और अशोक शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, विजय शर्मा पैनू, राकेश महाजन, गोपाल कृष्ण काका, विपिन अरोड़ा, साहिल सहगल, विकास वर्मा, तिलक सोनी, शिव वर्मा, भगवान दास, राजेश राजा, अशोक तिवारी, ओम प्रकाश मक्कड़ सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।