भीषण आग से हड़कंप, न्यू टाउन की झुग्गी बस्ती में कई घर जलकर राख
आग लगने के कारणों की जांच जारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सिटी सेंटर 2 के पास स्थित मथपारा झुग्गी बस्ती में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे बस्ती में आग लगी। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के दौरान गैस सिलेंडर फटने जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मी आग को नियंत्रित करने में जुटे रहे। आग की चपेट में आने से कई झोपड़ियों और उनमें रखे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, करीब 20 से 25 झोपड़ियां आग से प्रभावित हुई हैं। हालांकि, नुकसान का सही आकलन किया जाना बाकी है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद इकोपार्क थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। राजारहाट-न्यू टाउन के विधायक पीयूष कनोड़िया ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। आशंका जताई जा रही है कि रसोई गैस सिलेंडर या बिजली से जुड़ी किसी समस्या के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।