Una. ऊना। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में उठ रहे विरोध के बीच शुक्रवार को हरोली में युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रशांत राय की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्रिहोत्री विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस और राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है।
वर्षों तक कड़ी मेहनत और तैयारी करने वाले विद्यार्थियों का विश्वास इस तरह की घटनाओं से टूट रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस गंभीर मामले में जवाबदेही तय करने में पूरी तरह विफल रही है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल परीक्षा प्रणाली पर सवाल नहीं उठातीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ भी अन्याय करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमन ठाकुर सहित नितिश, शुभम जोशी, अंकुश, मनदीप, सतविंद्र सिंह, निशांत, अभिषेक शर्मा, कनिष्क जसवाल, अमन ठाकुर, साहिल, हरदीप मान, अंकु तथा युवा कांग्रेस और राष्ट्रीय छात्र संगठन के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और सुधार की मांग दोहराई गई।