सेनेगल तट पर प्रवासियों की नाव बनी काल, हादसे में मृतकों की संख्या 39 हुई
सेनेगल तट पर बड़ा हादसा
दिल्ली: अफ्रीका से यूरोप पहुंचने की उम्मीद लेकर समुद्र में उतरे प्रवासियों के लिए सफर जिंदगी का आखिरी रास्ता बन गया। पश्चिमी अफ्रीकी देश सेनेगल के तट पर स्पेन जा रही प्रवासियों से भरी एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 पहुंच गई है। बचाव दल ने एक व्यक्ति को जीवित बचाया है, जबकि अन्य यात्रियों के लापता होने की आशंका बनी हुई है।
बचाव अभियान में मिले और शव
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की 9 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, सेनेगल के उत्तरी हिस्से में सेंट लुईस से रवाना हुई नाव स्पेन की ओर जा रही थी। रविवार को डकार के उत्तर में केबेमेर (Kébémer) के तट के पास यह नाव समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने तलाशी अभियान शुरू किया। शुरुआत में 21 शव मिलने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन लगातार अतिरिक्त शव बरामद होने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 39 हो गया। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि नाव में कुल कितने लोग सवार थे। इसलिए लापता यात्रियों की सही संख्या का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति को बचाया गया है।
बेहतर जिंदगी की तलाश में जोखिम भरा सफर
पश्चिमी अफ्रीका से स्पेन के कैनरी द्वीप समूह तक पहुंचने के लिए प्रवासी अटलांटिक महासागर का बेहद जोखिम भरा रास्ता अपनाते हैं। यह समुद्री यात्रा लगभग 800 मील की है। कई लोग बेहतर रोजगार और आर्थिक परिस्थितियों की उम्मीद में छोटी लकड़ी की नावों से यह सफर करते हैं।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दियोमाये फाये ने हादसे पर संवेदना जताई है। उन्होंने लापता लोगों की तलाश, जीवित बचे व्यक्ति की देखभाल और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सरकारी संसाधन जुटाने की बात कही है। साथ ही अवैध प्रवासी यात्राओं का आयोजन करने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का संकल्प भी जताया है। यह हादसा समुद्र के रास्ते यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रवासियों के सामने मौजूद गंभीर जोखिम को एक बार फिर उजागर करता है।