Market. मंडी। छोटी काशी की दीवारों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लिखे गए अभद्र स्लोगन पर नगर निगम ने पोछा मार दिया है। मंडी शहर के बीचोंबीच यह असभ्य स्लोगन कौन लिख कर गया है, इसकी पड़ताल की जा रही है। मंडी पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है और इसके लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि मंडी की इंदिरा मार्केट की छत की दीवारों पर अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ स्लोगन लिख दिए हैं। मंडी के जिस स्थान पर इस कृत्य को अंजाम दिया गया है।
वह शहर के बीचों बीच है और इसके कुछ मीटर की दूरी पर शहरी पुलिस चौकी सहित एसपी और डीसी ऑफिस भी हैं। अभद्र भाषा से लिखे स्लोगन पर लोगों की नजर सुबह पड़ी, तो इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस में शिकायत करने वाले भगवाहन मुहल्ला के चंदन ने कहा है कि पुलिस को इस मामले में तुरंत कार्रवाही करनी चाहिए और आरोपियों से ही ये स्लोगन साफ करवाने चाहिए। मंडी की इंदिरा मार्केट की छत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों से शहरी नाराज हो गए हैं। नीरज हांडा ने कहा कि छात्रों और युवाओं को अपनी बात रखने तथा आंदोलन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन हर आंदोलन लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से होना चाहिए। विरोध को व्यक्त करने के लिए अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियों का सहारा लेना उचित नहीं है।