मामी के कहने पर भांजे ने चुराया 6 साल का बच्चा, 5 लाख में किया सौदा
एनकाउंटर में 3 बदमाशों को लगी गोली
नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह ने कासना थाना क्षेत्र से छह साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसे पांच लाख रुपये में बेचने की योजना बनाई थी। हालांकि, सौदा पूरा होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गोली लगी है। अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
घर के बाहर खेल रहे बच्चे का किया अपहरण
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 अक्टूबर की शाम की है। छह वर्षीय मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी सुमित अपने साथी के साथ पहुंचा और बच्चे का अपहरण कर लिया। बच्चे के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हो गए। अगले दिन 14 अक्टूबर को परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पांच लाख रुपये में बच्चे का किया था सौदा
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह की कथित मास्टरमाइंड पुष्पा है। आरोप है कि दिल्ली निवासी कमलेश ने बच्चे के लिए पुष्पा से संपर्क किया था। इसके बाद पुष्पा ने अपने भांजे सुमित को बच्चे के अपहरण की जिम्मेदारी सौंपी। आरोपियों ने बच्चे को पांच लाख रुपये में बेचने की योजना बनाई थी।
मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल
शिकायत मिलने के बाद कासना थाना पुलिस, ईकोटेक-1 थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गोली लगी। गिरफ्तार सात आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।