मोगा। पंजाब के मोगा जिले में हुई गोलीबारी में दो युवकों की मौत के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने मंगलवार को मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
पुलिस को पहले से थी जानकारी तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
राजा वडिंग ने कहा, "दो दिन पहले यहां दो लोगों की हत्या कर दी गई। दो लोग घायल हैं और करीब 30 राउंड फायरिंग हुई। मुझे बताया गया है कि इंटेलिजेंस और सीआईडी की रिपोर्ट थी कि ऐसी घटना हो सकती है। अगर पुलिस को पहले से जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई? हालांकि, खुफिया रिपोर्ट होने और 30 राउंड फायरिंग के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
केंद्र और पंजाब सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद ने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम रही है। साथ ही केंद्र सरकार पर सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया।
गोलीबारी में दो चचेरे भाइयों की मौत
मोगा के अंगदपुरा इलाके में रविवार शाम काली एसयूवी में आए हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इसमें साहिल जिंदल और गगन जिंदल की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। मुख्य हमलावरों की तलाश जारी है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Tags: