मठ से जुड़े संत ने शादीशुदा महिला का जिंगदी किया बर्बाद, रेप का केस दर्ज होते फरार

Update: 2026-07-21 01:17 GMT

महाराष्ट्र। अमरावती जिले के चांदूर रेलवे स्थित आनंद मठ के महाराज पर एक महिला ने 10 वर्षों तक यौन, मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर चांदूर रेलवे पुलिस ने आरोपी दत्तगिरी गुरु जयरामजी महाराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, दुष्कर्म और POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दत्तगिरी गुरु जयरामजी महाराज के रूप में हुई है, जो चांदूर रेलवे स्थित आनंद मठ से जुड़े हैं. पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है. पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2014 में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी महाराज से हुई थी. इसी दौरान दोनों के बीच पहचान हुई. महिला का आरोप है कि आरोपी ने धीरे-धीरे उसका विश्वास जीता और फिर अगस्त 2016 में उसे आनंद मठ बुलाया.

शिकायत के मुताबिक, आनंद मठ पहुंचने पर आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार शादी करने और सुखी जीवन का वादा करता रहा. महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2016 से लेकर 30 मई 2026 तक आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया. इस दौरान उसे मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया. शिकायत में कहा गया है कि बाद में महिला की शादी हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसके संपर्क में बना रहा. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने पति से तलाक लेने के लिए उकसाया. तलाक होने के बाद आरोपी ने उसे आनंद मठ में पत्नी की तरह अपने साथ रखा. महिला का आरोप है कि मठ में रहने के दौरान उससे श्रद्धालुओं से पैसे एकत्र कराने का काम कराया जाता था. शिकायत के अनुसार, श्रद्धालुओं से एकत्र की गई राशि का इस्तेमाल आरोपी अपने निजी खर्चों के लिए करता था.

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय बाद आरोपी ने उसे आनंद मठ से बाहर निकाल दिया. इसके बाद 19 जून 2026 को वह दोबारा मठ पहुंची. महिला का कहना है कि वहां आरोपी ने श्रद्धालुओं के सामने उसका अपमान किया, उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से भगा दिया. इस पूरे मामले को लेकर चांदूर रेलवे पुलिस थाने के प्रभारी सुरेश मस्के ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी दत्तगिरी गुरु जयरामजी महाराज के खिलाफ POCSO अधिनियम, दुष्कर्म और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं और गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान पीड़िता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


Tags:    

Similar News