राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक से उठता दिखा धुआं, VVIP इलाके में हड़कंप
देखें वीडियो.
फोटो: सोशल मीडिया
नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित उच्च सुरक्षा वाले प्रशासनिक केंद्र नॉर्थ ब्लॉक के पीछे सोमवार को अचानक घना धुआं उठता देखा गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में कंफर्म हो गया कि नॉर्थ ब्लॉक में आग लगी थी। इस घटना का फोटो सांसद मिलिंद देवरा ने एक्स पर शेयर किया था।
दिल्ली के रायसीना हिल्स में स्थित नॉर्थ ब्लॉक में कभी केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) और अन्य प्रमुख कार्यालय हुआ करते थे। जिसे अब शिफ्ट कर दिया गया है। यह संसद और राष्ट्रपति भवन के पास है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज (DFS) तुरंत हरकत में आ गई है। दमकल विभाग को हादसे के संबंध में कॉल प्राप्त हुई है, जिसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ियों को घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
सांसद मिलिंद देवरा ने इस घटना की एक फोटो शेयर कर कहा, "संसद जाते समय मैंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठते देखा। ऐसा लगता है कि वहां आग लगी है। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तेजी से कार्रवाई कर रही होंगी।
मिली जानकारी के अनुसार नॉर्थ ब्लॉक की छत पर AC के बॉयलर में आग लगी थी। वहां वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक शार्ट सर्किट की वजह से एक बॉयलर में आग लग गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। फायर विभाग ने इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि आग बुझा दी गई है, अंदर कुछ तोड़-फोड़ का काम चल रहा था; आग छोटी थी, कोई हताहत नहीं हुआ।