मेरठ में 5 पत्नियों की खौफनाक कहानी, दो को फांसी, तीन के फैसले का इंतजार
प्रेमी के लिए पति की हत्या का आरोप
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति की हत्या से जुड़े पांच चर्चित मामलों ने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है। नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद अब ‘विषकन्या’ के नाम से चर्चित रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को भी अदालत ने मृत्युदंड सुनाया है। वहीं, तीन अन्य महिलाओं अंजलि, कोमल और दामिनी के खिलाफ पति की हत्या से जुड़े मामलों में अदालत में सुनवाई जारी है।
नीले ड्रम में मिले थे शव के टुकड़े
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में 3 मार्च 2025 को सौरभ राजपूत की हत्या हुई थी। उनकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर हत्या कर शव के पांच टुकड़े नीले ड्रम में छिपाने और सीमेंट भरने का आरोप था। अदालत ने 14 अक्टूबर 2026 को दोनों को मृत्युदंड सुनाया। इस मामले में 22 गवाहों के बयान दर्ज हुए थे।
सांप के काटने से मौत दिखाने की कोशिश
बहसूमा क्षेत्र में 12 अप्रैल 2025 को अमित कश्यप की हत्या हुई थी। जांच के अनुसार, उनकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप ने गला दबाकर हत्या की और मौत को सांप के काटने का मामला दिखाने की कोशिश की। अदालत ने 16 अक्टूबर को दोनों को फांसी की सजा सुनाई।
अंजलि पर पति को गोली मरवाने का आरोप
परीक्षितगढ़ के अगवानपुर गांव में एक नवंबर 2025 को राहुल की गोली मारकर हत्या हुई थी। पुलिस के अनुसार, उनकी पत्नी अंजलि ने राहुल को मंदिर के पास बुलाया था, जहां उसके कथित प्रेमी अजय ने तीन गोलियां मारी थीं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
बीएसएफ जवान की हत्या में पत्नी आरोपी
बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी कोमल और उसके मौसेरे भाई गुलशन समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि कोमल ने छह लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची और आभूषण गिरवी रखकर रकम जुटाई।
बीमा क्लेम के लिए हत्या की साजिश का आरोप
स्कूल संचालक अतुल कुमार की जुलाई 2026 में मौत हुई थी। पुलिस के अनुसार, पत्नी दामिनी ने कथित प्रेमी तुषार और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 20 लाख रुपये का बीमा क्लेम हासिल करने के लिए हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि नींद की गोलियां देने के बाद जहरीला करैत सांप बिस्तर पर छोड़ा गया। मुस्कान और रविता के मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है, जबकि अंजलि, कोमल और दामिनी के खिलाफ आरोपों पर अंतिम न्यायिक फैसला आना बाकी है।