संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर हंगामा, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

Update: 2026-07-20 05:49 GMT

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर ले जाया गया. इस दौरान उन्होंने कहा, 'हमारी (सरकार के साथ) बातचीत चल रही है.' लद्दाख के कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट आज दोपहर 2:30 बजे सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है. गीतांजलि अंगमो ने दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की डिवीजन बेंच के सामने यह याचिका दायर की है. उन्होंने अपनी याचिका में सिंगल बेंच के कल के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें जस्टिस मिमी पुष्करणा की सिंगल जज बेंच ने सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से हटाकर उनकी पसंद के किसी प्राइवेट अस्पताल में ट्रांसफर करने से साफ इनकार कर दिया था.

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकक्रोच जनता पार्टी के संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली के राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत 5 मेट्रो स्टेशन के के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए थे. लेकिन अब राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा और गेट अब खुल गए हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर हंगामा हो गया है. प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया है. वहीं, जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी के कई नेता पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें रोक दिया गया है.
सोनम वांगचुक अभी भी सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं, जहां डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की पूरी देखभाल कर रही है. डॉक्टरों के मुताबिक, उनके शरीर के जरूरी संकेत (जैसे ब्लड प्रेशर, पल्स रेट और ऑक्सीजन लेवल) पूरी तरह स्थिर हैं, लेकिन लगातार उपवास के कारण उनके खून की जांच रिपोर्ट में कुछ उतार-चढ़ाव हैं, जिसके लिए लगातार चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत है. सफदरजंग अस्पताल और एम्स (AIIMS), नई दिल्ली के विशेषज्ञों की एक संयुक्त टीम चौबीसों घंटे उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है, ताकि कमजोरी की वजह से शरीर में होने वाली किसी भी संभावित समस्या का समय पर इलाज किया जा सके.
जंतर-मंतर पर पिछले 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे AISA के तीन छात्रों ने अपना आमरण अनशन खत्म कर दिया है. शबाना आजमी, प्रकाश राज, सांसद मनोज झा, राजाराम सिंह, अमरा राम के साथ-साथ डॉ. योगेंद्र यादव, वकील प्रशांत भूषण और प्रोफेसर अतुल सूद के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की अपील पर नेहा, मनीष और आमीन ने अपनी भूख हड़ताल खत्म की.
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने मार्च शुरू करने से पहले जंतर-मंतर पर कहा, 'भारत के इतिहास का सबसे बड़ा मार्च होने जा रहा है. पिछले 10-12 सालों से इस देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिशें की जा रही हैं. जंतर-मंतर पर एक महीने तक बैठकर आप लोगों ने लोकतंत्र को फिर से जिंदा किया है. देश भर से लोग आ रहे हैं. जब मैं अमेरिका में था, तो लोग मुझसे कहते थे कि कोई भी सड़कों पर नहीं उतरेगा कि ये सिर्फ सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड बनकर रह जाएगा. आज जंतर-मंतर की ओर जाने वाली चारों सड़कों को देखिए; वो पूरी तरह से भरी हुई हैं... संसद जाने से हमें कोई नहीं रोक सकता.'
Tags:    

Similar News