नई दिल्ली: स्मार्टफोन कंपनी Nothing ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Nothing Phone (4b) लॉन्च कर दिया है। कंपनी की नई B सीरीज का यह पहला स्मार्टफोन है, जिसे करीब 35 हजार रुपये के सेगमेंट में पेश किया गया है। फोन में आकर्षक डिजाइन के साथ 6000mAh की बड़ी बैटरी, Snapdragon 6 Gen 4 प्रोसेसर, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और बेहतर कैमरा सेटअप जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
Nothing Phone (4b) की शुरुआती कीमत 34,999 रुपये रखी गई है। इस कीमत में फोन का 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट मिलेगा। वहीं, 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 38,999 रुपये है। कंपनी की ओर से फोन पर बैंक ऑफर के तहत 7.5 प्रतिशत इंस्टेंट डिस्काउंट और एक्सचेंज बोनस भी दिया जा रहा है।
फोन की बिक्री 14 जुलाई से शुरू होगी। ग्राहक इसे Flipkart, Croma, Reliance Digital और Vijay Sales जैसे ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफॉर्म से खरीद सकेंगे। Nothing Phone (4b को Black, Blue और White कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
Nothing Phone (4b) का सबसे खास आकर्षण इसका नया Glyph Bar डिजाइन है। फोन के पिछले हिस्से पर कंपनी ने नया लाइटिंग सिस्टम दिया है, जिसमें 45 मिनी LED लगी हुई हैं। यह Glyph Bar कॉल, नोटिफिकेशन, रिकॉर्डिंग, टाइमर, वॉल्यूम कंट्रोल और कैमरा काउंटडाउन जैसी सुविधाओं के लिए अलग-अलग लाइट इफेक्ट दिखाती है। कंपनी का दावा है कि यह डिजाइन यूजर्स को एक अलग और प्रीमियम अनुभव देगा।
डिस्प्ले की बात करें तो Nothing Phone (4b) में 6.77 इंच का Full HD+ Samsung Super AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलता है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग अनुभव बेहतर होगा। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 2000 निट्स तक है। इसके अलावा स्क्रीन को सुरक्षा देने के लिए AGC DT-Star 2 प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन को धूल और पानी की हल्की छींटों से बचाने के लिए IP64 रेटिंग भी मिली है।
कैमरा सेक्शन में भी कंपनी ने अच्छे फीचर्स दिए हैं। फोन के रियर पैनल पर डुअल कैमरा सेटअप मौजूद है। इसमें OIS सपोर्ट के साथ 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया गया है। इसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो 4K 30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है।
परफॉर्मेंस के लिए Nothing Phone (4b) में Qualcomm Snapdragon 6 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। यह 4nm तकनीक पर आधारित है, जिससे बेहतर परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी मिलने की उम्मीद है। फोन में 8GB LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज का विकल्प दिया गया है। लंबे इस्तेमाल के दौरान गर्म होने से बचाने के लिए इसमें वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी मौजूद है।
सॉफ्टवेयर के मामले में फोन Android 16 आधारित Nothing OS 4.1 पर चलता है। कंपनी ने इस स्मार्टफोन के लिए 3 साल तक Android OS अपडेट और 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
बैटरी के मामले में Nothing Phone (4b काफी मजबूत नजर आता है। इसमें 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 33W फास्ट चार्जिंग और 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार, फोन करीब 80 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो सकता है।
कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, Wi-Fi 6, Bluetooth 6.0, USB Type-C पोर्ट, GPS और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
35 हजार रुपये के बजट में Nothing Phone (4b डिजाइन, बैटरी, डिस्प्ले और सॉफ्टवेयर सपोर्ट के लिहाज से एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आया है। अब देखना होगा कि भारतीय बाजार में यह स्मार्टफोन ग्राहकों को कितना पसंद आता है।