लंदन में प्रदर्शनों के बीच, UK के सांसदों ने PoK में हिंसा को कम करने की मांग की

Update: 2026-08-01 07:27 GMT
London लंदन: पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर (PoK) में बढ़ते तनाव को लेकर कई ब्रिटिश सांसदों ने गंभीर चिंता जताई है। इलाके में सुरक्षा कार्रवाई, आवाजाही पर रोक और कम्युनिकेशन ब्लैकआउट के बीच आम नागरिकों की मौत और उनके घायल होने की खबरें आ रही हैं।
कश्मीर पर 'ऑल-पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप' (APPG) के चेयरमैन और ब्रैडफोर्ड के सांसद इमरान हुसैन ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने और 50 से ज़्यादा सांसदों ने PoK के हालात को लेकर UK के विदेश मंत्री को पत्र लिखा है।
हुसैन ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "कश्मीर पर APPG के चेयरमैन के तौर पर, 50 से ज़्यादा सांसदों के साथ मिलकर हमने मौजूदा हालात के बारे में विदेश मंत्री को पत्र लिखा है..."
उन्होंने आगे कहा, "हम तनाव के गंभीर रूप से बढ़ने को लेकर बहुत चिंतित हैं, खासकर हाल ही में गोलीबारी की खबरों को लेकर, जिसमें लोगों की मौत हुई है और वे घायल हुए हैं।"
हुसैन ने कहा कि कई ब्रिटिश कश्मीरी इस इलाके में अपने रिश्तेदारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, "कई ब्रिटिश कश्मीरी अपने परिवारों की सुरक्षा और भलाई को लेकर फिक्रमंद हैं, जिससे हमारे समुदायों में सचमुच चिंता और परेशानी का माहौल है।"
उन्होंने UK सरकार से कूटनीतिक दखल की अपील करते हुए कहा, "UK सरकार को तनाव कम करने और बातचीत के ज़रिए शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी उचित कूटनीतिक तरीकों का इस्तेमाल करना चाहिए। इस बातचीत के केंद्र में कश्मीरियों के बुनियादी मानवाधिकार होने चाहिए।"
इस बीच, लंदन में भी प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में कंबरलैंड गेट से पाकिस्तानी हाई कमीशन तक मार्च किया। सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट के मुताबिक, यह मार्च लाउंड्स स्क्वायर स्थित पाकिस्तानी हाई कमीशन पर खत्म हुआ, जहां लोगों ने पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर के हालात पर ध्यान देने और न्याय की मांग की।
इससे पहले गुरुवार को, UK के कई सांसदों ने PoK में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा की खबरों पर चिंता जताई थी।
सांसद ज़ारा सुल्ताना ने 'X' पर लिखा, "कश्मीर के लोगों के साथ एकजुटता। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा घातक बल प्रयोग की खबरें और वीडियो फुटेज... बेहद परेशान करने वाले हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "कम्युनिकेशन ब्लैकआउट के बीच कम से कम 30 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। हिंसा खत्म होनी चाहिए। कम्युनिकेशन बहाल किया जाना चाहिए, स्वतंत्र जांच की इजाज़त दी जानी चाहिए और मानवाधिकारों के उल्लंघन के लिए ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।"
UK की एक और सांसद, नादिया व्हिटोम ने कहा कि जून में शुरू हुए प्रदर्शनों के बाद अधिकारियों ने "सख्त कम्युनिकेशन ब्लैकआउट" लागू कर दिया था। उन्होंने लिखा कि "पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा हज़ारों शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी करने और इस हफ़्ते कम से कम 30 लोगों की जान लेने की दिल दहला देने वाली ख़बरें" सामने आई हैं।
व्हिटोम ने पाकिस्तानी अधिकारियों पर दबाव बनाने की मांग की ताकि "नाकेबंदी खत्म हो और प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ हिंसा रोकी जा सके।"
इसके अलावा, ब्रिटिश लेबर पार्टी के सांसद लियाम बायरन ने कहा कि PoK में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर असली गोलियां चलाने की ख़बरें "बेहद चिंताजनक" हैं।
कब्ज़े वाले इलाके में संचार व्यवस्था ठप करने और मानवाधिकारों के उल्लंघन को "पूरी तरह से अस्वीकार्य" बताते हुए बायरन ने कहा कि UK संसद में सभी दलों के समूह 'ऑल पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप ऑन कश्मीर' ने दो मांगें रखी हैं।
ब्रिटिश सांसद ने कहा, "पहली मांग यह है कि लंदन में पाकिस्तान के उच्चायोग के साथ तुरंत बातचीत की जाए और कहा जाए कि यह सब बंद होना चाहिए। दूसरी मांग यह है कि हम अपने विदेश विभाग के मंत्रियों से भी मिलना चाहते हैं, ताकि यह पक्का किया जा सके कि वे पाकिस्तान सरकार के सामने सबसे ऊंचे स्तर पर अपनी बात रख रहे हैं। असल में, ज़रूरत इस बात की है कि इतने साल पहले UN के प्रस्तावों में किए गए लंबे समय के वादों का सम्मान किया जाए। लेकिन अभी और इसी वक़्त, हमें हिंसा को रोकने की ज़रूरत है।"
Tags:    

Similar News