BIG BREAKING: कराची में ताबड़तोड़ फायरिंग, उज़ैर बलूच के भाई पर बरसाई गोलियां

देखें VIDEO...

Update: 2026-07-31 13:37 GMT
New Delhi. नई दिल्ली। पाकिस्तान के कराची शहर का कुख्यात ल्यारी इलाका एक बार फिर गैंगवार की वजह से सुर्खियों में है। गुरुवार शाम हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में कुख्यात गैंग लीडर उज़ैर बलोच के भाई बताए जा रहे ज़ुबैर बलोच गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में कम से कम तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना कराची के ल्यारी स्थित मिर्ज़ा आदम खान रोड पर हुई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोटरसाइकिल पर सवार कई अज्ञात हमलावर अचानक पहुंचे और ज़ुबैर बलोच को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कराची पुलिस के दक्षिण क्षेत्र के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) ने बताया कि गोलीबारी में घायल व्यक्तियों में से एक ज़ुबैर बलोच हो सकता है, जो प्रतिबंधित संगठन पीपल्स अमन कमेटी के प्रमुख रहे उज़ैर बलोच का भाई बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम जानकारी साझा की जाएगी।

पाकिस्तान के प्रमुख अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और हमला करने के बाद मौके से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पास में मौजूद एक दुकानदार ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर तेजी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से कई कारतूस और अन्य साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सैयद असद रज़ा ने बताया कि हमले के समय ज़ुबैर बलोच अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल ज़ुबैर समेत अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार ज़ुबैर की हालत गंभीर बनी हुई है। ल्यारी इलाका लंबे समय से गैंगवार, माफिया गतिविधियों और संगठित अपराध के लिए बदनाम रहा है।

उज़ैर बलोच का नाम भी पाकिस्तान के सबसे चर्चित गैंगस्टरों में गिना जाता रहा है। उनके नेतृत्व में पीपल्स अमन कमेटी का प्रभाव लंबे समय तक इस इलाके में बना रहा। बीते कुछ वर्षों में सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के बाद गैंगवार की घटनाओं में कमी आई थी, लेकिन ताजा हमले ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वर्ष 2026 में रिलीज हुई भारतीय स्पाई-थ्रिलर फिल्म धुरंधर में अभिनेता दानिश पंडोर ने उज़ैर बलोच से प्रेरित किरदार निभाया था। फिल्म में कराची के ल्यारी क्षेत्र की गैंगवार और अपराध की दुनिया को प्रमुखता से दिखाया गया था। अब वास्तविक घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म और वास्तविक घटनाओं की तुलना की जा रही है। फिलहाल कराची पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे गैंगवार, पुरानी रंजिश या किसी अन्य आपराधिक कारण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Tags:    

Similar News