वाशिंगटन: अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर ने रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का दौरा किया। कमांड ने बताया कि इस जलमार्ग से होकर गुजरने वाले मुख्य रास्ते ईरानी समुद्री बारूदी सुरंगों (sea mines) से पूरी तरह मुक्त हैं।
CENTCOM ने एक बयान में कहा कि एडमिरल ब्रैड कूपर ने मौजूदा हालात का जायजा लेने के लिए अमेरिकी सेना के CH-47 चिनूक हेलीकॉप्टर से इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग का हवाई दौरा किया।
बयान में कहा गया, "अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर ने 25 अक्टूबर को होर्मुज जलडमरूमध्य का दौरा किया। यह ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी सेना ने खाड़ी देशों के अपने सहयोगियों को गर्मियों के बाद से 1.5 बिलियन बैरल से अधिक कच्चे तेल के निर्यात में मदद करने का एक अहम मुकाम हासिल किया है।"
इसमें आगे कहा गया, "पिछले छह महीनों में, CENTCOM बलों की मदद से 3,000 से अधिक व्यावसायिक जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार किया है।"
कूपर ने कहा, "हम खाड़ी देशों के अपने सहयोगियों और शिपिंग उद्योग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। यह दौरा होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता को बनाए रखने के हमारे मजबूत संकल्प को दर्शाता है।"
CENTCOM ने बताया कि हाल के महीनों में स्थिति और बेहतर हुई है, क्योंकि अमेरिकी सेना ने इस जलमार्ग के अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रास्तों से उन समुद्री बारूदी सुरंगों को सफलतापूर्वक हटा दिया है, जिन्हें ईरान के 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) ने बिछाया था।
बयान के अनुसार, इस दौरे के दौरान कूपर ने बारूदी सुरंगें हटाने के मिशन में शामिल अमेरिकी सैनिकों से मुलाकात की और उन्हें धन्यवाद दिया।
कूपर ने कहा, "हमारे लोगों की शानदार कोशिशों की बदौलत, आज होर्मुज जलडमरूमध्य के मुख्य रास्ते ईरानी समुद्री बारूदी सुरंगों से पूरी तरह मुक्त हैं। हम व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसके लिए हम अमेरिकी एजेंसियों, 'गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल' (खाड़ी सहयोग परिषद) और शिपिंग उद्योग के अपने साथियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"
बयान में आगे कहा गया, "हाल के महीनों में, IRGC की अनुचित आक्रामकता के बावजूद, होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले 95 प्रतिशत से अधिक जहाज सुरक्षित रूप से अपनी मंजिल तक पहुंचे हैं। यह साफ तौर पर दिखाता है कि इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग पर अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों का नियंत्रण है।"
Tags: