नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर राज्यों में 4 से 9 अगस्त के बीच तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में 4 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 8 अगस्त तक राजधानी में सुबह, शाम और रात के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले सात दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं केरल और कर्नाटक में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 7 अगस्त तक भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 4 से 6 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 अगस्त तक वर्षा का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
मध्य प्रदेश में 6 से 9 अगस्त के बीच भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में 9 अगस्त तक और विदर्भ में 7 से 8 अगस्त तक बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने झारखंड में 7 अगस्त तक, बिहार में 5 अगस्त तक और पश्चिम बंगाल में 4 से 9 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी 4 से 9 अगस्त के बीच वर्षा होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।