अंतरराष्ट्रीय बाजार में छत्तीसगढ़ के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान
छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर में 12 नवंबर को एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का विषय 'मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना (Leveraging Free Trade Agreements - FTAs)' रखा गया है।
कार्यशाला का आयोजन 12 नवंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों और निर्यात संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में विशेष रूप से यूनाइटेड किंगडम (यूके), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों पर फोकस रहेगा। इन देशों में भारतीय उत्पादों के लिए उपलब्ध और उभरते व्यापारिक अवसरों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
दरअसल, भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे निर्यातकों को विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने और अपनी व्यापारिक संभावनाओं का विस्तार करने के अवसर मिलते हैं। कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति अपेक्षित है।
कार्यशाला में क्षेत्र-विशिष्ट विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न क्षेत्रों के निर्यात अवसरों, संभावित निर्यात उत्पादों, उत्पत्ति के नियमों (Rules of Origin), गैर-शुल्क बाधाओं और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े महत्वपूर्ण व्यापारिक विषयों पर व्यावहारिक चर्चा होगी। इन सत्रों के माध्यम से निर्यातकों को समझौतों के प्रावधानों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों के निर्यात के लिए इनका प्रभावी उपयोग कर सकें।