BALOD बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ट्रांसफार्मर चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने यूट्यूब से ट्रांसफार्मर चोरी करने का तरीका सीखा और फिर अलग-अलग गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। हालांकि, उनकी यह चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। बिजली विभाग की शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस ने एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, जिले के मंगलतराई, घोठिया और ठेमाबुजुर्ग गांवों से बिजली विभाग के कुल पांच ट्रांसफार्मर चोरी हुए थे। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया था। इसके बाद करहीभदर और डौंडी में पदस्थ बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियरों ने डौंडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों की गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें पकड़ लिया।
दो वाहन और ट्रांसफार्मर के कलपुर्जे बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहन और ट्रांसफार्मर के अंदर लगने वाले कलपुर्जे बरामद किए हैं। चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों का बाकी सामान कहां और किसे बेचा गया, इसकी जांच की जा रही है।
तीन युवक गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया
मामले में पुलिस ने मनीषकांत कोर्राम (19 वर्ष), निवासी ओड़गांव, डोमेंद्र निषाद (19 वर्ष), निवासी घोठिया और लोकेश पूरामें (22 वर्ष), निवासी ओड़गांव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस अब चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों के शेष सामान और उसकी बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। यूट्यूब से चोरी का तरीका सीखकर वारदात करने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Tags: