नाबालिग छात्र का अपहरण के बाद मारपीट, चंद घंटों में 6 आरोपी हिरासत में
छग
Sakti. सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक नाबालिग छात्र के साथ कथित रूप से अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। वीडियो में कुछ युवक छात्र के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामले में जानकारी देते हुए सक्ती जिला एसपी प्रफुल ठाकुर ने बताया है कि पुलिस ने चंद घंटों में ही इस मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं। घटना अड़भार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्र स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ता है। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। लगभग दोपहर 12 बजे के आसपास वह सेजेस स्कूल के पास पहुंचा, तभी रास्ते में चार बाइकों पर सवार 8 से 9 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने छात्र को जबरन अपने साथ बाइक पर बैठा लिया और उसे शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान क्षेत्र में ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई।
अर्धनग्न कर मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने छात्र के कपड़े उतरवाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। वीडियो में एक युवक छात्र को लगातार थप्पड़ और मुक्के मारता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक ने करीब 10 बार मुक्के और थप्पड़ मारे। पीड़ित के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी बाइक की चाबी और पैसे भी छीन लिए। घटना के बाद छात्र करीब शाम 4 बजे अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
फोन नंबर लेने की बात सामने आई
वायरल वीडियो में कुछ युवक किसी के फोन नंबर लेने की बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र के साथ मारपीट की असली वजह क्या थी। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का पता पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलने के बाद अड़भार थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना में शामिल अधिकांश आरोपी नाबालिग हो सकते हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने अब तक 6 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें चार नाबालिग हैं। उनसे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छात्र को किस कारण से निशाना बनाया गया और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका क्या थी।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद बढ़ी चर्चा
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोगों ने नाबालिग छात्र के साथ हुई मारपीट को लेकर नाराजगी जताई है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो को लेकर अफवाह न फैलाएं और जांच में सहयोग करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग आरोपियों के मामले में भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल अड़भार थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है।