सरकारी स्कूलों में पहुंचेगी मोबाइल साइंस पाठशाला, बच्चे सीखेंगे AI, ड्रोन और रोबोटिक्स

छग

Update: 2026-07-11 09:57 GMT
Pandariya. पंडरिया। बदलते दौर में शिक्षा का स्वरूप तेजी से तकनीक आधारित हो रहा है। भविष्य की जरूरतों और विद्यार्थियों के बेहतर अवसरों को ध्यान में रखते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। जल्द ही “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया जाएगा। इस अत्याधुनिक मोबाइल लैब के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, कोडिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर विद्यालयों, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों और सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना है। मोबाइल लैब एक विशेष बस के रूप में संचालित होगी, जो अलग-अलग विद्यालयों तक पहुंचेगी और विद्यार्थियों को उनके स्कूल परिसर में ही आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराएगी। विधायक भावना बोहरा के अनुसार, आज का समय विज्ञान, ज्ञान और तकनीक का युग है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा और नई तकनीकों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती। गांवों के बच्चों में भी अपार क्षमता है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
“भावना दीदी की साइंस पाठशाला” के प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की टीम विद्यार्थियों को तकनीक का बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक का प्रशिक्षण देगी। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विद्यालय में चरणबद्ध तरीके से 3 से 5 दिनों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा ने बताया कि इस योजना के माध्यम से प्रति वर्ष 5000 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

ड्रोन उड़ाने से लेकर रोबोट संचालन तक सीखेंगे बच्चे
मोबाइल लैब में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान बच्चे स्वयं ड्रोन उड़ाना, कोडिंग करना, 3D मॉडल तैयार करना और रोबोट संचालित करना सीखेंगे।

विद्यार्थियों को इन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
रोबोटिक्स
ड्रोन और एयरोमॉडलिंग
3D प्रिंटिंग
कोडिंग
इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)
ऑगमेंटेड रियलिटी और वर्चुअल रियलिटी (AR/VR)
इन तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।

ग्रामीण और शहरी शिक्षा के तकनीकी अंतर को कम करने की पहल
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना है। अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों की कमी के कारण आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मोबाइल टेक्नोलॉजी लैब के माध्यम से अब उन्हें अपने ही स्कूल में आधुनिक शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी विद्यार्थी केवल संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहना चाहिए। इसी सोच के साथ यह पहल शुरू की जा रही है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

छात्राओं और युवाओं के लिए पहले भी की गई पहल
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में पहले भी कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव के कारण उच्च शिक्षा से वंचित होने वाली छात्राओं के लिए पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 10 निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है। इस बस सेवा से अब तक 1500 से अधिक छात्राओं को लाभ मिल चुका है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पंडरिया नगर में “लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग” की शुरुआत की गई है। यहां युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है।

भविष्य की तकनीकी शिक्षा की ओर बढ़ता कदम
“भावना दीदी की साइंस पाठशाला” को ग्रामीण शिक्षा को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार और उच्च शिक्षा के नए अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें आने वाली चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि पूरी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस मोबाइल लैब का शुभारंभ कर विद्यार्थियों को इसका लाभ देना शुरू कर दिया जाएगा।
Tags:    

Similar News