रायपुर में आधी रात को भड़की भीषण आग: खुद मोर्चे पर उतरे कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, सुबह तक घटनास्थल पर डटा रहा पूरा प्रशासन
भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री
रायपुर : राजधानी रायपुर के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित 'गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री' में अचानक भीषण आग लग गई। पॉलीमर फैक्ट्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और खुद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह पूरी रात घटनास्थल पर डटकर राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभालते रहे।
आधी रात को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा अमला
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंच गए। उनके साथ एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला।
दमकल कर्मियों की रातभर की मशक्कत के बाद बुझी आग
फैक्ट्री के भीतर ज्वलनशील सामग्री (पॉलीमर) मौजूद होने के कारण आग पर काबू पाना दमकल कर्मियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा था। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने रातभर लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान चलाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर रहकर पानी के टैंकरों और अन्य जरूरी संसाधनों की तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित कराई, ताकि आग आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक न फैल सके।
सुबह आग बुझने के बाद ही लौटे कलेक्टर
आग की भयावहता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और उनकी पूरी टीम पूरी रात घटनास्थल पर ही मुस्तैद रही। दमकल विभाग के कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और प्रशासन की सतत निगरानी के चलते सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने और आग बुझने की पुष्टि करने के बाद ही कलेक्टर और अन्य अधिकारी सुबह मौके से वापस लौटे।