मछली चोरी रोकने को लेकर पुरानी रंजिश बनी मर्डर की वजह

छत्तीसगढ़.

Update: 2026-07-13 02:55 GMT
बिलासपुर: रतनपुर के समीप स्थित खूंटाघाट बांध में मछली चोरी को रोकना एक चौकीदार के लिए जानलेवा साबित हुआ। शनिवार को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और फिर डंडों से हमला कर चौकीदार की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मेलनाडीह निवासी 40 वर्षीय श्याम सिंह पोर्ते ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह और तीरथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार हैं। बांध में पहले भी गोलू धीवर और अनीश धीवर कथित रूप से मछली चोरी करते थे। इसका विरोध करने पर तीरथ राम यादव ने चोरी का वीडियो बनाया था, जिसे लेकर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की थी।
शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई की रात श्याम सिंह पोर्ते और तीरथ राम यादव मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 ईएफ 7425 से मेलनाडीह से खूंटाघाट बांध के नवागांव कैंप की ओर जा रहे थे। नवागांव स्थित मौहा डबरी तालाब के पास पहुंचते ही गोलू धीवर, अनीश धीवर और उनके अन्य साथी स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे और जान से मारने की नीयत से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। शिकायत के मुताबिक इसके बाद स्कॉर्पियो रोककर आरोपी नीचे उतरे। अनीश धीवर ने श्याम सिंह पोर्ते को पकड़ लिया, जबकि गोलू धीवर ने डंडे से दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीरथ राम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। श्याम सिंह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपनी जान बचाते हुए वहां से भाग निकला।
रतनपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Tags:    

Similar News