व्हाइट रोज होटल संचालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, क़ानूनी कार्रवाई में किया था हस्तक्षेप

छग

Update: 2026-07-11 14:10 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने शहर के होटल व्हाइट रोज में औचक जांच की। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर होटल संचालक को सुधार के लिए समझाइश दी गई, लेकिन संचालक द्वारा पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने और उग्र रवैया अपनाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के होटल, लॉज और अन्य सार्वजनिक आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में 10 जुलाई 2026 की शाम थाना साइबर और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर स्थित होटल व्हाइट रोज में अचानक पहुंचकर जांच की। पुलिस टीम ने होटल में सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के रिकॉर्ड, आवश्यक दस्तावेज और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में कुछ सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं। इस पर पुलिस अधिकारियों ने होटल संचालक सूरज सिंह (28 वर्ष), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल, रायगढ़ को सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी।

पुलिस के अनुसार, समझाइश के दौरान होटल संचालक ने पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार करने लगा। पुलिस द्वारा शांत रहने और सहयोग करने की बात कहने के बावजूद उसका व्यवहार आक्रामक बना रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम उसे थाना कोतवाली लेकर पहुंची, जहां भी उसने अपना उग्र रवैया जारी रखा। पुलिस ने बताया कि होटल संचालक के व्यवहार से शांति व्यवस्था प्रभावित होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत उसे गिरफ्तार किया। इसके साथ ही धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इन स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों का सत्यापन, रिकॉर्ड संधारण और नियमों का पालन करना संचालकों की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के सभी होटल और आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी। यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन,
संदिग्ध गतिविधियां
या पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने जैसी स्थिति सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि होटलों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News