हीरानगर: जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग कठुआ की ओर से हीरानगर में जागरूकता एवं पंजीकरण को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राधा कृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हीरानगर के एसडीएम फूलैल सिंह, ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. रोमी शर्मा, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के कर्मचारी, एनसीसी कैडेट और माय भारत के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शुरू की गई ‘जोश् टीम पहल’ के प्रति लोगों को जागरूक करना और प्रथम श्रेणी के अधिकारियों, एनसीसी कैडेटों तथा माय भारत के स्वयंसेवकों का पंजीकरण सुनिश्चित करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को पहल के उद्देश्यों और महत्व की जानकारी देते हुए टीबी मुक्त भारत ऐप पर पंजीकरण करने के लिए प्रोत्साहित किया गया ताकि सामुदायिक भागीदारी को मजबूत कर टीबी उन्मूलन के प्रयासों को गति दी जा सके। इस अवसर पर एसडीएम फूलैल सिंह ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एनटीईपी की गतिविधियों तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कठुआ जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, विभिन्न संस्थानों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग ने भी अधिकारियों, एनसीसी कैडेटों और माय भारत के स्वयंसेवकों की भागीदारी बढ़ाकर टीबी के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

Tags: