जयपुर: राजधानी जयपुर में सहकारी मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी सेवा का ट्रायल शुरू हो गया है। कंपनी का दावा है कि इस ऐप के जरिए यात्रियों को अन्य कैब एग्रीगेटर कंपनियों की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक कम किराए पर सफर की सुविधा मिलेगी। साथ ही चालकों से किसी प्रकार का कमीशन नहीं लिया जाएगा, जिससे उनकी आय भी बढ़ सकेगी। फिलहाल सेवा शुरुआती चरण में है और आने वाले कुछ महीनों में पूरे शहर में 24 घंटे टैक्सी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी के अनुसार भारत टैक्सी में यात्रियों से पीक आवर्स, बारिश या अधिक मांग के समय भी अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा। यानी अन्य कैब सेवाओं की तरह इसमें सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी और दिन-रात या व्यस्त समय में भी किराया सामान्य रहेगा।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐप में 'शेक टू एसएमएस' फीचर भी जोड़ा गया है। इस सुविधा के तहत यात्री तीन आपातकालीन मोबाइल नंबर पहले से दर्ज कर सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति में मोबाइल फोन को जोर से हिलाते ही यात्री की लाइव लोकेशन स्वतः इन तीनों नंबरों पर भेज दी जाएगी।
कंपनी का कहना है कि यह फीचर विशेष रूप से महिलाओं और अकेले यात्रा करने वाले लोगों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करेगा।
फिलहाल भारत टैक्सी की सेवाएं जयपुर के मालवीय नगर, दुर्गापुरा, टोंक रोड, सोडाला और जवाहर सर्किल जैसे क्षेत्रों में आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। वहीं वैशाली नगर, प्रतापनगर, मान्यावास, भांकरोटा, आगरा रोड और सीकर रोड सहित शहर के बाहरी इलाकों में अभी वाहनों की संख्या सीमित होने के कारण यात्रियों को टैक्सी मिलने में कुछ समय लग सकता है।
कंपनी के अनुसार बीते एक महीने में जयपुर से करीब 36 हजार चालकों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन फिलहाल 3,400 वाहन ही संचालन में हैं। जैसे-जैसे अधिक वाहन सेवा से जुड़ेंगे, शहर के सभी क्षेत्रों में 24 घंटे टैक्सी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
भारत टैक्सी जयपुर के सिटी हेड अभिषेक चारण ने बताया कि सेवा अभी शुरुआती चरण में है। आने वाले कुछ महीनों में पूरे जयपुर में 24 घंटे टैक्सी सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और किफायती सफर उपलब्ध कराना तथा चालकों को बिना किसी कमीशन के बेहतर आय का अवसर देना है।