Jaipur: युवाओं के हित में ऐतिहासिक कदम है परीक्षा संशोधन विधेयक: सीएम भजनलाल शर्मा

लोकसभा के फैसले का सीएम भजनलाल शर्मा ने किया स्वागत

Update: 2026-07-30 09:14 GMT

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकसभा में पारित 'पब्लिक एक्जामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026' का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के सपनों, उनकी वर्षों की कठिन मेहनत और निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास को सुदृढ़ करने वाला ऐतिहासिक एवं दूरगामी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए नए भारत में कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संशोधन विधेयक प्रतिभाशाली और मेहनतकश युवाओं के हितों की सुरक्षा का सशक्त संकल्प है। इससे पेपर लीक, नकल, संगठित परीक्षा माफियाओं और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी एवं कठोर अंकुश लगेगा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता और विश्वसनीयता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह विधेयक प्रत्येक विद्यार्थी और अभ्यर्थी के मन में यह विश्वास और अधिक प्रबल करेगा कि उसकी सफलता का आधार केवल उसकी योग्यता, क्षमता, अनुशासन और कठिन परिश्रम होगा, न कि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्ट तंत्र। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को शासन व्यवस्था का मूल आधार बनाया है। यह संशोधन विधेयक उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार सबसे बड़ी पूंजी हैं। इसलिए उनकी मेहनत के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार्य नहीं हो सकता। यह विधेयक शिक्षा एवं भर्ती प्रणाली में जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्र सरकार का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि यह विधेयक देश के करोड़ों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की रक्षा करने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Tags:    

Similar News