रकम वापस मांगने पर मिली धमकी, 18 लाख की धोखाधड़ी का मामला

Update: 2026-07-22 10:36 GMT

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां कैंट रोड निवासी जेन शोएब को स्टॉक मार्केट में निवेश और ऑनलाइन टास्क पूरा करने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने 18 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़िता ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें धमकी देना शुरू कर दिया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर कैसरबाग थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जेन शोएब ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बीते आठ अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया था। महिला ने खुद को एक निजी कंपनी की कर्मचारी बताते हुए बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे उसने पीड़िता को ऑनलाइन निवेश और टास्क पूरा करने के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया।

साइबर ठगों ने जेन शोएब को विश्वास में लेने के लिए कई तरह के दावे किए। उन्होंने बताया कि स्टॉक मार्केट में निवेश करने और कुछ टास्क पूरे करने पर उन्हें बड़ी रकम का फायदा मिलेगा। इसके अलावा आरोपियों ने चार-पांच लोगों का समूह बनाने और कंपनी के विशेष कार्यक्रम से जुड़ने की बात भी कही।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जालसाजों की बातों में आकर उन्होंने अलग-अलग समय पर कई बैंक खातों में कुल 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में आरोपियों ने उन्हें निवेश से लाभ मिलने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में रकम निकालने के लिए और पैसे जमा करने की मांग की जाने लगी।

आरोपियों ने जेन शोएब को वीआईपी मेंबर बनाने का झांसा दिया और इसके लिए अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा। जब पीड़िता को ठगी का शक हुआ और उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो साइबर जालसाजों ने उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दीं।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने रकम लौटाने के बजाय उनसे करीब 13 लाख रुपये और जमा करने की मांग की। लगातार दबाव और धमकी मिलने के बाद उन्हें समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।

कैसरबाग थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनके माध्यम से ठगी की रकम ट्रांसफर कराई गई थी।

इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस बैंक खातों की जांच के साथ ही कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, शेयर बाजार में अधिक मुनाफे या टास्क पूरा कर पैसे कमाने जैसे किसी भी लालच में आकर अज्ञात लोगों को पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर अपराधी अक्सर लोगों को ज्यादा लाभ का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते हैं और बाद में बड़ी रकम ठग लेते हैं।

Tags:    

Similar News