आश्रमों और मठों में खोजी जाएंगी प्राचीन पांडुलिपियां, प्रशासन ने दिए निर्देश
पुराने हस्तलिखित ग्रंथों को मिलेगा संरक्षण, हरिद्वार में शुरू होगा विशेष सर्वे
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में प्राचीन पांडुलिपियों और दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों को संरक्षित करने के लिए ज्ञान भारत मिशन के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, आश्रमों, मठों, गुरुद्वारों, धार्मिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध ऐतिहासिक पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, पंजीकरण और डिजिटाइजेशन किया जाएगा।
बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से पांडुलिपियों की पहचान और पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि मिशन का उद्देश्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को वैज्ञानिक तरीके से संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है, जबकि जिला स्तरीय समिति सर्वेक्षण और संरक्षण कार्यों की निगरानी करेगी।
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम ऐप और पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों और धार्मिक संस्थाओं से अपील की है कि उनके पास प्राचीन हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ पांडुलिपियां होने पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय या संस्कृत महाविद्यालयों में जानकारी दें, ताकि उनका उचित संरक्षण किया जा सके।