बीजेपी नेता के भाई की स्कॉर्पियो चोरी, अनलॉक करने वाले हाईटेक चोर एक्टिव
पढ़े पूरी खबर
यूपी। गोरखपुर में भाजपा नेता और पूर्व पार्षद मंतालाल यादव के भाई की स्कार्पियो चोरी के मामले में पुलिस ने हाईटेक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से महज दस मिनट में स्कार्पियो का लॉक खोल लिया और वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बिहार के गोपालगंज जिले से चोरी की गई स्कार्पियो बरामद कर ली है। अब गिरोह के अन्य सदस्यों, वारदात में इस्तेमाल कार और प्रदेश में वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के घोषीपुरवा निवासी भाजपा नेता और पूर्व पार्षद मंतालाल यादव के भाई अभयनंदन यादव की स्कार्पियो 11 जुलाई की भोर में उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। सुबह जानकारी होने पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि चोर बेहद कम समय में वाहन लेकर फरार हो गए थे। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए शाहपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस समेत पांच टीमों का गठन किया गया।
गोरखपुर से लेकर कुशीनगर और बिहार सीमा तक के मार्ग पर लगे करीब दो हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके अलावा टोल प्लाजा के रिकॉर्ड, मोबाइल फोन की लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से मिली सूचनाओं का भी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोर एक कार से आए थे और स्कार्पियो चोरी करने के बाद भटहट, कुशीनगर होते हुए बिहार की ओर निकल गए। लगातार तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनके पास ऐसा विशेष इलेक्ट्रॉनिक सॉफ्टवेयर और उपकरण था, जिसकी मदद से उन्होंने स्कार्पियो का लॉक कुछ ही मिनटों में खोल लिया। लॉक खुलते ही वाहन को स्टार्ट कर वे मौके से निकल गए। पूरी वारदात करीब दस मिनट में अंजाम दे दी गई, जिससे आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने बिहार के गोपालगंज जिले से चोरी की गई स्कार्पियो बरामद कर ली।