सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ कथित साजिश और नाबालिग बच्ची के अपहरण से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नामजद आरोपी दिलीप तिर्की को रांची जिले के जोन्हा फॉल के जंगल से गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे नामजद आरोपी अभिषेक भारती की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाने में अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसे डराया-धमकाया गया और कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत बयान एवं गवाही देने का दबाव बनाया गया।
इस मामले में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती को नामजद आरोपी बनाया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दिलीप तिर्की के रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे जोन्हा फॉल के जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले से जुड़ी नाबालिग बच्ची को भी अपने संरक्षण में लिया है। प्रकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। सिमडेगा के डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि मामले में दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें से एक की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दूसरे आरोपी अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि नाबालिग के कथित अपहरण और उस पर दबाव बनाने के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था। इसके साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। कांग्रेस विधायक से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण में पुलिस की विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों और कथित साजिश की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Tags: