सूरत। राजस्थान के उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव से निकलकर सूरत में करोड़ों रुपये का कारोबार खड़ा करने वाले भोगर परिवार ने सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर वैराग्य का मार्ग अपनाने का निर्णय लिया है। परिवार के चार सदस्य 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में जैन दीक्षा ग्रहण करेंगे।
सूरत टेक्सटाइल मार्केट में कपड़े का कारोबार करने वाले दिलीप भाई भोगर (47), उनकी पत्नी ज्योति बेन (45) और बेटियां छवि (22) एवं चार्वी (14) संयम के मार्ग पर आगे बढ़ेंगी। दिलीप भाई के कारोबार का सालाना टर्नओवर करीब 15 करोड़ रुपये है। लंबे समय तक व्यापार करने के बाद दिलीप भाई के मन में वैराग्य का भाव जागा। उन्होंने कारोबार को समेटना शुरू किया और जैन दीक्षा लेने का संकल्प लिया। उनके इस निर्णय में पत्नी और दोनों बेटियों ने भी साथ दिया।
भोगर परिवार की एक बेटी शैली पहले ही सांसारिक जीवन का त्याग कर दीक्षा ग्रहण कर चुकी है। दूसरी बेटी छवि क्रोशिया की कलाकृतियां और उपयोगी वस्तुएं बनाकर अपना व्यवसाय संचालित कर रही थी। वहीं, सबसे छोटी बेटी चार्वी सूरत में जिला स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी रह चुकी है।
अब परिवार के चारों सदस्य सांसारिक जीवन से अलग होकर आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत करेंगे। इन दिनों भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ में है। परिवार के इस निर्णय को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह एवं भावनात्मक माहौल है। जगह-जगह परिवार के सदस्यों का अभिनंदन किया जा रहा है।
Tags: