Chamba. चंबा। जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष एवं जिला योजना, विकास तथा 20 सूत्री कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बैठक की अध्यक्षता की। इससे पहले उन्होंने सीएसआर के तहत 6.46 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 34 स्कूल भवनों का डिजिटल लोकार्पण किया। इनमें 18 राजकीय प्राथमिक और 16 राजकीय उच्च पाठशालाओं के भवन शामिल हैं। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मलेरिया एवं टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, ग्रामीण विद्युतीकरण, लघु सिंचाई योजनाओं, स्वच्छ भारत अभियान, मिड-डे मील, एकीकृत बाल विकास परियोजना, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छ पेयजल और खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। कुलदीप सिंह पठानिया ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों और परियोजनाओं का थोड़ा काम शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति पर संतोष भी जताया।
इससे पूर्व उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चंबा के विधायक नीरज नैयर, मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष ललित ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के चौथे चरण के तहत चंबा में 327 किलोमीटर लंबाई की 65 सडक़ों का निर्माण किया जा रहा है। इन पर 551.22 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे 76 गांवों को सडक़ सुविधा मिलेगी। जिला विकास अधिकारी तविंद्र सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में जिले के 1,41,491 मनरेगा जॉब कार्ड धारकों के माध्यम से 57.58 लाख कार्यदिवस का रोजगार उपलब्ध करवाया गया। यह निर्धारित 44.60 लाख कार्यदिवस के लक्ष्य का 129 प्रतिशत है। इस पर 186 करोड़ 85 लाख 59 हजार रुपये खर्च किए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्धारित 1,477 आवासों का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) कमल किशोर ने बताया कि जिले में इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के 371 लाभार्थी हैं। इस योजना के तहत 30 जून, 2026 तक 1 करोड़ 23 लाख 55 हजार 97 रुपए खर्च किए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना के 2,371 लाभार्थियों पर इसी अवधि तक 58 लाख 7 हजार 99 रुपए व्यय किए गए हैं।