ड्रग्स सप्लाई का खुलासा, दो कैब ड्राइवर समेत 3 गिरफ्तार; कोकीन, हेरोइन, MDMA जब्त
कश्मीरी गेट के पास पकड़े गए दो आरोपी
दिल्ली। दिल्ली पुलिस की उत्तरी जिला एंटी-नारकोटिक्स सेल ने कथित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो कैब ड्राइवर अच्छे बाबू (25) और जाहिद (22) के अलावा नाइजीरियाई नागरिक काजेथन चुकवुजेकवु (43) शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से कोकीन, हेरोइन और एमडीएमए के साथ ड्रग्स की डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाली मारुति वैगन-आर कार भी जब्त की है।
कश्मीरी गेट के पास पकड़े गए दो आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात कश्मीरी गेट इलाके में रिंग रोड फुटओवर ब्रिज के पास जाल बिछाया गया था। इस दौरान अच्छे बाबू को पकड़ा गया, जबकि उसका साथी जाहिद कार में इंतजार कर रहा था। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16.4 ग्राम कोकीन और 90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। ड्रग्स की आपूर्ति में इस्तेमाल की जा रही वैगन-आर कार भी जब्त कर ली गई। इस मामले में कश्मीरी गेट थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर नाइजीरियाई नागरिक के लिए टैक्सी के जरिए ड्रग्स पहुंचाने की बात बताई।
महरौली से नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही के आधार पर 13 अक्टूबर को महरौली इलाके से काजेथन चुकवुजेकवु को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 5.7 ग्राम कोकीन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों से कुल 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम हेरोइन और 15.3 ग्राम एमडीएमए जब्त की गई है।
फरार साथी की तलाश जारी
जांच में सामने आया कि नाइजीरियाई आरोपी वर्ष 2022 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। आरोप है कि वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह यहां रह रहा था। पुलिस अब फरार साथी अमेका की तलाश कर रही है और कथित ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है।