हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक 53 वर्षीय ज्वेलर का अपहरण कर उसके परिवार से 1.30 करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1.07 करोड़ रुपये नकद, सोने के आभूषण, पांच वाहन और नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।


5 अक्टूबर को अचानक लापता हुआ था कारोबारी
पुलिस के मुताबिक, रामंथापुर इलाके में ज्वेलरी का कारोबार करने वाले के. श्रीनिवास राव 5 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिवार ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस थाने पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
दो दिन बाद घर लौटा ज्वेलर
सिकंदराबाद जोन की डीसीपी रक्षिता कृष्ण मूर्ति ने बताया कि शुरुआत में मामला गुमशुदगी का दर्ज किया गया था। इस बीच 7 अक्टूबर की सुबह श्रीनिवास राव अपने घर लौट आए। हालांकि, वह काफी सदमे और मानसिक तनाव में थे। डॉक्टरों की सलाह पर पुलिस ने तत्काल उनसे पूछताछ नहीं की।
पुलिस ने नौ आरोपियों को दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान अपहरण और फिरौती वसूली का मामला सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में नकदी व अन्य सामान बरामद किया।
रियल एस्टेट विवाद से जुड़े अपहरण के तार
पुलिस को आशंका है कि अपहरण की साजिश रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े पुराने विवाद के कारण रची गई थी। आरोपियों ने पहले 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ताओं ने पुलिसकर्मी बनकर कारोबारी को अगवा किया था। दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags: