यमन के बंदरगाह शहर अदन के एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात दो मिसाइलों से हमला हुआ।पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने इस हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया। एक सप्ताह से भी कम समय में इस एयरपोर्ट पर यह दूसरा हमला है।
पुलिस ने बताया कि हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ईरान से जुड़े युद्ध के एक नए मोर्चे पर लड़ाई तेज हो रही है। इस मोर्चे पर हूती विद्रोहियों ने पड़ोसी देश सऊदी अरब और यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार, दोनों पर हमले किए हैं। यमन की इस सरकार को सऊदी अरब का समर्थन हासिल है।
एक सुरक्षा अधिकारी और एक यातायात नियंत्रक ने बताया कि अदन एयरपोर्ट के उस हिस्से को निशाना बनाया गया, जहां सऊदी अरब समर्थित सरकार के साथ जुड़ी एक सैन्य इकाई तैनात है। दोनों अधिकारियों ने अपनी पहचान जाहिर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया से बात करने की आधिकारिक अनुमति नहीं थी। इस हमले की जिम्मेदारी तत्काल किसी ने नहीं ली।
यह हमला अदन में एक महल परिसर पर हूती विद्रोहियों के घातक हमले के एक दिन बाद हुआ। हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को इस परिसर पर हमला किया था। साल 2015 से यह महल परिसर यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार का मुख्य केंद्र रहा है।