प्रति एकड़ 3 क्विंटल प्रस्ताव पर सरकार से बनी सहमति, अंतिम फैसला किसानों की राय के बाद
Bhopal भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जारी किसानों के विरोध-प्रदर्शन के बीच सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद एक किसान नेता ने बताया कि सरकार ने प्रति एकड़ 3 क्विंटल के प्रस्ताव पर सहमति जताई है, लेकिन इसे स्वीकार करने का अंतिम निर्णय किसानों से व्यापक चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।
राष्ट्रीय किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार के साथ हुई बैठक में प्रति एकड़ 3 क्विंटल का प्रस्ताव सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान संगठनों की प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना है, इसलिए किसी भी प्रस्ताव पर अंतिम सहमति किसानों की राय के बिना नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा, "मैं राष्ट्रीय किसान मोर्चा का जिला अध्यक्ष भी हूं और किसानों के हितों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बैठक में गया था। सरकार ने 3 क्विंटल के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। अब हम सभी किसानों के साथ बैठक करेंगे और उनकी राय जानेंगे। यदि साथी किसान इस प्रस्ताव से संतुष्ट होंगे तो हम इसे स्वीकार कर लेंगे, अन्यथा अपनी मूल मांग पर कायम रहेंगे।"
किसान नेता ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह किसानों की सामूहिक सहमति के आधार पर आगे बढ़ेगा। किसी भी निर्णय से पहले गांव-गांव और किसान संगठनों के स्तर पर चर्चा की जाएगी ताकि सभी पक्षों की राय सामने आ सके।
गौरतलब है कि किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भोपाल में विरोध-प्रदर्शन जारी है। इसी बीच किसानों के प्रतिनिधियों और सरकार की मंत्री-स्तरीय समिति के बीच मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किसान समुदाय सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करता है या आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला लेता है।