गाडिय़ों के पहिए थमे, सडक़ का एक हिस्सा गायब, वैकल्पिक मार्गों से दौड़ाया ट्रैफिक
Bilaspur. बिलासपुर। जिला बिलासपुर के अंतर्गत बिलासपुर से शिमला के लिए सफर करने वाले लोगों के लिए मंगलवार परेशानी भरा रहा। इस राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर खलोटा के पास फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान अचानक ही सडक़ धंस गई। सडक़ धंसने के कारण इस रोड पर वाहनों की आवाजाही पूर्णतया ठप हो गई। वाहनों की आवाजाही के लिए सडक़ बंद होने से यहां से गुजरने वाले वाहनों चालकों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। हालांकि वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचे, लेकिन इसके लिए उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नौणी से शिमला के लिए फोरलेन का कार्य जारी है। इस फोरलेन का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है, जिसके चलते यहां से सफर करने वाले लोगों को पहले भी समस्या ही झेलनी पड़ रही है। इस घटना के बाद नौणी-ब्रह्मपुखर फोरलेन से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को जब्बल पुल-खारसी मार्ग से भेजा गया। शिमला-दाड़लाघाट की ओर से आने वाले वाहनों को दाड़ला मोड़-मलोखर-खारसी मार्ग से डायवर्ट किया गया। जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती लोगों की सुविधा के लिए कर दी गई थी। निर्माणाधीन फोरलेन के तहत कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। जगह-जगह संबधित कंपनी की ओर से कंटिंग कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर संबधित कंपनी द्वारा अपने कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। ताकि निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक यह कार्य पूरा हो सके।