बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर एक युवक से 20 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने असली सोना बताकर युवक को नकली सोने का टुकड़ा थमा दिया और उससे नकद रकम लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 8,500 रुपए नगद और नकली सोने का टुकड़ा बरामद किया है।
कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर बुलाया
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सिनोधा निवासी उमेश कुमार वर्मा (19 वर्ष) ने 17 नवंबर को भाटापारा ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवक ने बताया कि 16 नवंबर को गांव के राहुल यदु ने फोन कर जानकारी दी थी कि ग्राम गोरदी निवासी पोषण गिरी गोस्वामी कच्चा सोना बेच रहा है। इसके बाद पोषण गिरी गोस्वामी ने उमेश को फोन कर सोनबरसा के पास मिलने बुलाया। रात करीब 9 बजे तालाब के पास आरोपी ने युवक को सोने जैसा दिखने वाला एक टुकड़ा दिखाया। इसे असली सोना बताकर आरोपी ने युवक से 20 हजार रुपए नगद ले लिए।
धूप में देखा तो नकली निकला सोना
अगली सुबह युवक ने खरीदे गए सोने के टुकड़े को धूप में ध्यान से देखा। इस दौरान उसे पता चला कि सोना असली नहीं, बल्कि नकली है। युवक ने आरोपी से संपर्क कर अपने रुपए वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पैसे मांगने पर युवक को धमकी भी दी गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने भाटापारा ग्रामीण थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पूछताछ में दूसरे आरोपी का नाम आया सामने
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया। पुलिस ने नामजद आरोपी पोषण गिरी गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी मौसम महिलांगे को ग्राम सोनबरसा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8,500 रुपए नगद और वारदात में इस्तेमाल किया गया नकली सोने का टुकड़ा जब्त किया। दोनों को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में पोषण गिरी गोस्वामी (23 वर्ष), निवासी ग्राम गोरदी, थाना हथबंद और मौसम महिलांगे (20 वर्ष), निवासी मिशन परसाभदेर, थाना सिटी कोतवाली शामिल हैं।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से सस्ते में सोना या कीमती धातु बेचने का झांसा देने वालों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने बिना जांच-पड़ताल के किसी अनजान व्यक्ति से सोना नहीं खरीदने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर देने को कहा है।