Arang. आरंग। कहते हैं कि अगर सपनों को पूरा करने का जुनून और मेहनत करने का हौसला हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इस कहावत को सच कर दिखाया है छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत छोटे से गांव चपरीद के होनहार युवा गुलशन कुमार मानिकपुरी ने। मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले गुलशन ने कठिन परिश्रम और लगन के दम पर देश की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस में कमर्शियल पायलट बनकर अपने परिवार, गांव और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
छोटे से गांव से आसमान तक पहुंचने का सफर
गुलशन कुमार मानिकपुरी का कमर्शियल पायलट बनने का सफर आसान नहीं रहा। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत की। बचपन से ही आसमान में उड़ते विमानों को देखकर पायलट बनने का सपना देखने वाले गुलशन ने अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण के हर चरण को दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया। उन्होंने वर्ष 2022 में हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी, चेन्नई से बीटेक एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पायलट बनने की दिशा में अपनी तैयारी आगे बढ़ाई।
DGCA की कठिन परीक्षा पास कर हासिल किया लाइसेंस
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद गुलशन ने नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं। इसके साथ ही उन्होंने 200 घंटे की फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी कर कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) हासिल किया। इस प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विमान संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का अनुभव प्राप्त हुआ। इसके बाद उनका चयन इंडिगो एयरलाइंस में हुआ। उन्होंने बड़े यात्री विमान एयरबस को उड़ाने के लिए आवश्यक टाइप रेटिंग प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा किया।
माता-पिता ने कंधों पर लगाए सितारे, भावुक हुआ परिवार
गुरुग्राम स्थित इंडिगो के ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित ग्रेजुएशन सेरेमनी गुलशन और उनके परिवार के लिए बेहद खास रही। समारोह के दौरान उनके पिता गिरीश मानिकपुरी और माता भोगेश्वरी मानिकपुरी ने बेटे की पायलट वर्दी के कंधों पर एपलेट्स यानी पायलट के बैज लगाए। यह पल पूरे परिवार के लिए गर्व और भावनाओं से भरा रहा। जिस बेटे को माता-पिता ने छोटे से गांव में बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित किया, आज उसी बेटे को पायलट की वर्दी में देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
कोलकाता से भरेंगे पहली कमर्शियल उड़ान
गुलशन कुमार मानिकपुरी जल्द ही कोलकाता एयरपोर्ट से अपनी पहली कमर्शियल उड़ान भरेंगे। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "किताबों से शुरू हुआ यह सफर आज खुले आसमान तक जा पहुंचा है। इस राह में आर्थिक चुनौतियां भी आईं और धैर्य की परीक्षा भी हुई, लेकिन हर संघर्ष ने मुझे मंजिल के और करीब पहुंचाया। उन्होंने आगे कहा कि बचपन में जिस घर की छत से वह आसमान में उड़ते हवाई जहाजों को देखा करते थे, आज उन्हीं विमानों को उड़ाने का उनका सपना सच हो रहा है। गुलशन की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी उपलब्धि ने साबित किया है कि निरंतर मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प से आसमान की ऊंचाइयों को भी छुआ जा सकता है।
Tags: