महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 77.620 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मालवाहक आयशर माजदा ट्रक में गांजा छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, ट्रक और दो मोबाइल फोन सहित कुल 48 लाख 95 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
NH-53 पर नाकेबंदी कर पकड़ा गांजे से भरा ट्रक
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गेरुआ रंग के आयशर माजदा प्रो 3019 ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के बताए हुलिए का ट्रक क्रमांक MH 45 AE 9708 आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में रखी तीन बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
ओडिशा से महाराष्ट्र पहुंचाई जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के सोनपुर जिले से लोड की गई थी। इसे महाराष्ट्र के शोलापुर जिले तक पहुंचाना था। आरोपी मालवाहक ट्रक के जरिए गांजे की तस्करी कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा में गांजा किस व्यक्ति से लिया गया था और महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। इसके अलावा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
38.81 लाख का गांजा, 10 लाख का ट्रक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 77.620 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 38 लाख 81 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा ट्रक की कीमत 10 लाख रुपए और जब्त दो मोबाइल फोन की कीमत 14 हजार रुपए आंकी गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल 48 लाख 95 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में गणेश शिंदे (35 वर्ष), निवासी आवडी, थाना मोहड, जिला शोलापुर, महाराष्ट्र और रविराज बालू सुडके (19 वर्ष), निवासी भिकवडी आडगांव, थाना विट्टा, जिला सांगली, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) में मामला दर्ज किया गया है।
गांजा तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
महासमुंद पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के जरिए गांजा उपलब्ध कराने वाले लोगों और इसकी खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Tags: