Jahpur जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इनकार करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी दुर्योधन यादव (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से 17 नवंबर 2026 को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि युवक ने शादी करने और उसके बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाए थे।
सहेली के माध्यम से हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में एक सहेली के माध्यम से 30 वर्षीय महिला की पहचान आरोपी दुर्योधन यादव से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पूर्व वैवाहिक जिंदगी और बच्चों के बारे में आरोपी को पहले ही जानकारी दे दी थी। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद दुर्योधन ने उससे शादी करने और उसके बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन दिया। युवक के इस भरोसे पर महिला ने उसके साथ अपना रिश्ता आगे बढ़ाया।
मांग में सिंदूर भरकर शादी का दिया भरोसा
महिला ने पुलिस को बताया कि 31 मार्च 2023 को वह आरोपी को अपने किराए के मकान में लेकर गई थी। वहां युवक ने उसके साथ संबंध बनाने की इच्छा जताई और उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद उसी रात करीब 11 बजे दोनों के बीच पहली बार शारीरिक संबंध बने। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का भरोसा दिलाया था और इसी विश्वास के आधार पर उनके बीच संबंध बने।
तीन साल से अधिक समय तक संबंध बनाने का आरोप
महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी 31 मार्च 2023 से 1 अक्टूबर 2026 तक अलग-अलग समय पर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान वह लगातार शादी करने और साथ रखने का भरोसा देता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने दुर्योधन से उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने और साथ रखने की बात कही, तो युवक ने इससे साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता ने 24 अक्टूबर 2026 को पत्थलगांव थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी दुर्योधन यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 376(2-एन) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
गृह ग्राम में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। पत्थलगांव पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच मुखबिर से आरोपी के गृह क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके गृह ग्राम में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी बोले- महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई
जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर संवेदनशील है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags: