CG BREAKING: पारधी गिरोह का पर्दाफाश, 7 शातिर चोर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-07 17:30 GMT
Mahasamund. महासमुंद। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पारधी गिरोह के 7 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोटरसाइकिल सहित कुल 12 लाख 46 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रूढ़ा में एक सूने घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जांच के दौरान आरोपियों के द्वारा आरंग और सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है।

अलमारी को घर से उठाकर खेत में ले गए थे चोर
मामले की शुरुआत 23 जून 2026 को हुई, जब ग्राम रूढ़ा निवासी हरिशचंद्र पटेल (62 वर्ष) ने सिंघोड़ा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसे और अलमारी को उठाकर खेत में ले गए। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे नगद रुपए, सोने का लटकन, तीन सोने की अंगूठियां और सात जोड़ी चांदी की पायल सहित करीब 95 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 67/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण और अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड की पड़ताल में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले आरोपी ग्राम पैकिन में एक छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्धों की मौजूदगी मिली। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने पारधी गिरोह के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 21 जून को ग्राम पैकिन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। अगले दिन आनंद पारधी और संजय पारधी के कहने पर आसपास के गांवों में चोरी करने की योजना बनाई गई। आरोपियों ने रात करीब 9 बजे ग्राम रूढ़ा में एक बड़े मकान को निशाना बनाया। घर के लोग सो रहे थे, तभी आरोपी अंदर घुसे और खाली कमरे में रखी अलमारी को उठाकर खेत में ले गए। वहां अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे नगद 10 हजार रुपए, सोना और चांदी के आभूषण निकालकर फरार हो गए। आरोपियों ने चोरी के सोने को रायपुर निवासी अतुल पाटिल के पास करीब 60 हजार रुपए में बेचने की बात स्वीकार की। वहीं चांदी के आभूषण आपस में बांटकर घर में रखने की जानकारी दी।

आरंग और जैजैपुर की चोरी भी कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम मुहमेला, थाना आरंग क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात को भी स्वीकार किया। इसके अलावा 10 अप्रैल 2026 को जिला सक्ती के जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेराडीह में सोना, चांदी और नगदी चोरी करने की बात भी सामने आई है। आरोपियों ने बताया कि जैजैपुर क्षेत्र में चोरी किए गए आभूषण बलौदाबाजार निवासी राजू उर्फ राजकुमार सोनी को बेचे गए थे। पुलिस अब इस मामले में अन्य आरोपियों और चोरी के माल की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

12.46 लाख की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
चार जोड़ी चांदी की पायल, कीमत करीब 25 हजार रुपए
अतुल पाटिल के पास से 9 ग्राम सोना, कीमत करीब 1.30 लाख रुपए
54.200 ग्राम सोना, कीमत करीब 7.91 लाख रुपए
चोरी में प्रयुक्त 3 मोटरसाइकिल, कीमत करीब 3 लाख रुपए
कुल मिलाकर 12 लाख 46 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें:
आनंद पारधी (46 वर्ष)
संजय पारधी (27 वर्ष)
मन्नू पारधी (45 वर्ष)
सूरजभान पारधी (52 वर्ष)
हेमलाल पारधी (44 वर्ष)
सुरेंद्र पारधी (20 वर्ष)
घनश्याम कोसले (38 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले रायपुर निवासी अतुल पाटिल को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपियों को 7 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags:    

Similar News