शुभकामना हाइट्स में बुजुर्ग दंपत्ति से लूट, धारदार हथियार समेत आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-07 18:37 GMT
Durg. दुर्ग। नेवई थाना क्षेत्र के रिसाली स्थित शुभकामना हाइट्स में बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर लूट करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज एक दिन के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को प्रार्थी वी. कुमार (59 वर्ष), निवासी शुभकामना हाइट्स, प्रगति नगर, रिसाली ने
नेवई 
थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि वे प्लांट ड्यूटी के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर सूचना दी कि उनके सास-ससुर के घर में एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया है।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और घर के अंदर पहुंचकर बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने लगा। आरोपी ने उनसे सोने-चांदी के जेवर और नगदी की मांग की। इस दौरान आरोपी सोने का नेकलेस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने में सफलता हासिल की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विभान्शु महोबिया (21 वर्ष), निवासी सकई वायकला, पोस्ट डेकी बम्हनी बंजर, थाना बम्हनी बंजर, जिला मंडला (मध्यप्रदेश), हाल पता हॉस्पिटल सेक्टर, सड़क नंबर-10, ब्लॉक-2, मकान नंबर-09, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग को चिन्हित किया। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नेवई में अपराध क्रमांक 436/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3), 333 और 127(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 6 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बुजुर्ग दंपत्ति को अकेला पाकर
लूट की योजना
बनाई थी। उसका उद्देश्य भय पैदा कर घर से कीमती सामान हासिल करना था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात का जल्द खुलासा हो गया। इस कार्रवाई में थाना नेवई की क्राइम टीम, थाना प्रभारी नेवई, उपनिरीक्षक सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक नंदलाल और आरक्षक रवि बिसाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस थाना या डायल-112 को दें। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News