Mungeli. मुंगेली। जिले में चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान हुए चाकूबाजी मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया नुकीला चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने बैंड बजाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की है। मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी महेंद्र जांगड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बैंड बजाने की बात पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवदास पात्रे निवासी धनगांव (च) ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 3 जून 2026 को वह अपने साथियों के साथ ग्राम हेडसपुर में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में बैंड बजाने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बैंड पार्टी वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी ग्राम हेडसपुर निवासी महेंद्र जांगड़े वहां पहुंचा और दोबारा बैंड बजाने की मांग करने लगा। बैंड पार्टी द्वारा मना करने पर आरोपी नाराज हो गया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे नुकीले चाकू से शिवराज पात्रे के पेट के दाहिने हिस्से में हमला कर दिया। चाकू लगने से शिवराज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की रिपोर्ट के बाद थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 188/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 118(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान आरोपी महेंद्र जांगड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बैंड नहीं बजाने की बात से नाराज होकर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू उसने अपने घर के आंगन में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त नुकीला चाकू बरामद कर विधिवत जब्त किया।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी महेंद्र जांगड़े पिता भैयालाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी हेडसपुर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और सभी संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान उप निरीक्षक भानु प्रकाश सहारे, नवीन जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक भानुप्रताप बर्मन सहित आरक्षक दीप खूंटे, अजय चंद्राकर, योगेश यादव और विकास ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।