अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

छग

Update: 2026-07-04 16:55 GMT
New Delhi/Raipur. नई दिल्ली/रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में अल-नीनो के प्रभाव के चलते देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा की संभावना और उसके संभावित प्रभावों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानसून की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और संभावित सूखे से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित चुनौती से समय रहते निपटा जा सके।

इस दौरान जल संसाधनों के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। जलाशयों में जल स्तर की स्थिति, भूजल स्तर की निगरानी और जल संरक्षण उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार-विमर्श हुआ। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि पानी की उपलब्धता और वितरण पर सतत निगरानी रखी जाए। बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने और किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर प्रेरित करने पर जोर दिया गया, ताकि संभावित कम वर्षा की स्थिति में भी कृषि उत्पादन प्रभावित न हो।

इसके साथ ही खाद्यान्न की उपलब्धता की समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि देश में खाद्य आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी रहे। किसानों के हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी। केंद्रीय मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर समन्वय के साथ काम करें और मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखें, ताकि समय पर निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News